फर्जी क्यू आर कोड और स्कैनर से वसूली के प्रयासों से रहें सावधान -खाद्य सुरक्षा विभाग
विभाग के नाम पर साइबर ठगी का नया तरीका, कारोबारियों को जारी की गई चेतावनी

अलीगढ़ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले के समस्त खाद्य कारोबारकर्ताओं को विभाग के नाम पर की जा रही साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने बताया है कि कुछ असामाजिक एवं साइबर ठगी से जुड़े तत्व स्वयं को विभागीय अधिकारी, कर्मचारी अथवा शुभचिंतक बताकर फोन, व्हाट्सएप एवं अन्य माध्यमों से संपर्क कर रहे हैं। ऐसे लोग जांच, लाइसेंस, पंजीकरण, नवीनीकरण, निरस्तीकरण, जुर्माना, सहायता, उधार अथवा आपातकालीन परिस्थितियों का हवाला देकर कारोबारियों में भय और भ्रम पैदा करते हैं तथा उन्हें फर्जी क्यू आर कोड या स्कैनर भेजकर धनराशि जमा कराने अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित करते हैं। सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय दीनानाथ यादव ने स्पष्ट किया है कि यह पूर्णतः धोखाधड़ी है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार का भुगतान केवल निर्धारित सरकारी पोर्टल FOSCOS अथवा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के निर्धारित चालान माध्यम से ही स्वीकार किया जाता है। विभाग का कोई भी अधिकारी व्यक्तिगत यूपीआई, क्यू आर कोड या निजी बैंक खाते में धनराशि जमा कराने के लिए नहीं कहता है। विभाग ने कारोबारियों से अपील की है कि अज्ञात नंबरों से प्राप्त ऐसे किसी भी कॉल अथवा संदेश पर विश्वास न करें, किसी भी व्यक्तिगत क्यू आर कोड या लिंक के माध्यम से भुगतान न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय, कलेक्ट्रेट अलीगढ़ (कक्ष संख्या-28 एवं 29) को दें। इसके अतिरिक्त मोबाइल नंबर 9452704270 पर भी सूचना दी जा सकती है।



