15 जून को अलीगढ़ विमानपत्तन पर मनाया जाएगा ‘यात्री सुविधा दिवस’
एयरपोर्ट निदेशक सत्य व्रत सारस्वत ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ

अलीगढ़ : भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा 15 जून को धनीपुर स्थित अलीगढ़ विमानपत्तन पर ‘यात्री सुविधा दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। एयरपोर्ट निदेशक सत्य व्रत सारस्वत ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, वहीं अलीगढ़ विमानपत्तन ने लगभग दो वर्षों के संचालन काल में यात्री सुविधाओं, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी एवं सेवा गुणवत्ता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।उन्होंने अलीगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पौराणिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नगरी भगवान बलराम की लीलास्थली मानी जाती है और खैरेश्वर धाम और अचलताल जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के लिए भी प्रसिद्ध है। उन्होंने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने देश में उड्डयन क्षेत्र की प्रगति पर आधारित सात लघु चलचित्र जारी किए हैं, जिन्हें क्यूआर कोड एवं ऑनलाइन लिंक https://drive.google.com/drive/folders/1jUkOY0sUC1f5tqIV0HdB3kzgQKe0Zkv5?usp=sharing के माध्यम से देखा जा सकता है।‘यात्री सुविधा दिवस’ के अवसर पर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, वृक्षारोपण, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, पेंटिंग प्रतियोगिता, सेल्फी पॉइंट स्थापना, सांस्कृतिक कार्यक्रम, एविएशन करियर काउंसलिंग, विमानन सुरक्षा एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण विषयक नुक्कड़ नाटक, पौध वितरण तथा एयरपोर्ट पर कार्यरत हाउसकीपिंग एवं महिला कर्मचारियों के सम्मान सहित विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



