अलीगढ़

जिले के सभी 3222 मतदेय स्थलों पर मौजूद रहे बीएलओ, जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण

पात्र मतदाताओं के फार्म की मौके पर ही ऑनलाइन फीडिंग के निर्देश, कार्य की गुणवत्ता भी परखी

अलीगढ़ : विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिले के सभी 1642 मतदान केंद्रों पर स्थापित 3222 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी आवश्यक प्रपत्रों, मतदाता सूचियों और पर्याप्त संख्या में फार्म के साथ उपस्थित रहे। अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ की कार्यप्रणाली और प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग की स्थिति जांची। उन्होंने निर्देश दिए कि फार्म लेकर आने वाले प्रत्येक पात्र मतदाता के आवेदन की बीएलओ एप पर मौके पर ही ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित की जाए। आवेदन की सभी प्रविष्टियां सावधानीपूर्वक दर्ज की जाएं, जिससे मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।जिला निर्वाचन अधिकारी ने पाया कि अधिकांश बीएलओ मौके पर ही एप के माध्यम से फार्मों की ऑनलाइन फीडिंग कर रहे थे। कुछ बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्य की गुणवत्ता की जांच करते हुए उन्होंने आवश्यक सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण का कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।उन्होंने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान छात्रावास, आईटीआई रोड रसूलपुर, राजा महेंद्र प्रताप सिंह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय सिटी स्कूल, जीटी रोड, जीडी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खैर रोड, सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खैर रोड और एचआई इंटर कॉलेज, शहंशाहबाद सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। सभी बीएलओ को प्राप्त फार्मों की प्रविष्टियां बीएलओ एप पर ऑनलाइन दर्ज करने के साथ ही संबंधित प्रपत्रों को तहसील में जमा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर बीएलओ के पास आवश्यक सूचियां, प्रपत्र और पर्याप्त संख्या में फार्म उपलब्ध मिले।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कार्मिकों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए उनके आवेदनों की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाए। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित कार्मिक पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से कार्य करें।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!