अलीगढ़

जल जीवन मिशन की केंद्रीय और प्रदेश स्तरीय टीम ने किया गांवों का निरीक्षण, 532 घरों तक पहुंचा नल से जल

शाहपुर कुतुब और चमरौला में जलापूर्ति व्यवस्था परखी, ग्रामीणों को दिलाई जल संरक्षण की शपथ

अलीगढ़  जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की संयुक्त टीम ने विकासखंड लोधा के गांव शाहपुर कुतुब और चमरौला का निरीक्षण किया। सुबह 10ः30 बजे पहुंची टीम ने जल प्रदाय योजना के तहत स्थापित व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान पंप रूम, क्लोरीन रूम और पेयजल की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया गया।
टीम ने ग्रामीणों की पेयजल गुणवत्ता जांच समिति के सदस्यों से बातचीत कर जाना कि पानी की शुद्धता की जांच किस प्रकार की जाती है। इसके बाद गांव में जलार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को नल से जल उपलब्ध कराने की योजना की जानकारी दी और जल संरक्षण एवं सदुपयोग करने की शपथ दिलाई। गांव के प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल के महत्व, शुद्ध पानी पीने और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक किया गया।
अधिशासी अभियंता जल निगम लोकेश शर्मा ने बताया कि गांव में 532 घरों को नल कनेक्शन दिए गए हैं। इसके साथ ही 150 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। इससे गांव की लगभग 2360 की आबादी को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगी। निरीक्षण में निदेशक एसपीएम निवास, पूजा भट्ट, निदेशक एनजेजेएम, सीडीओ योगेन्द्र कुमार, सलाहकार मोहम्मद इशफाक, मुख्य अभियंता जल निगम कानपुर क्षेत्र एसके सिंह समेत हिमाचल प्रदेश जल जीवन मिशन के अधिकारी शामिल रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!