गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए मुख्यमंत्री राज्य आरोग्य निधि योजना से मिलेगी आर्थिक सहायता
पात्र जरूरतमंद व्यक्ति आवश्यक अभिलेखों के साथ सीएमओ कार्यालय में कर सकते हैं आवेदन

अलीगढ़ : गंभीर बीमारियों से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री राज्य आरोग्य निधि योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र मरीजों को विशिष्ट चिकित्सा उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह ने बताया कि गरीबी रेखा के निर्धारित आय मानकों के अंतर्गत आने वाले परिवारों के गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्ति योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्र में प्रति व्यक्ति 768 रुपये और शहरी क्षेत्र में 941 रुपये मासिक आय निर्धारित है। पांच सदस्यीय परिवार के लिए वार्षिक आय की सीमा ग्रामीण क्षेत्र में 46,080 रुपये और शहरी क्षेत्र में 56,460 रुपये है। उन्होंने बताया कि पात्र व्यक्ति अपने आवेदन पत्र के साथ सभी आवश्यक चिकित्सीय अभिलेख, पहचान पत्र, आय प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज संलग्न कर किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अलीगढ़ में कार्यालय समय के दौरान जमा कर सकते हैं।
सीएमओ ने बताया कि प्राप्त आवेदनों का जिलाधिकारी द्वारा गठित समिति के माध्यम से परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण के उपरांत शासन एवं महानिदेशालय स्तर से बजट की उपलब्धता के आधार पर पात्र लाभार्थियों को उपचार के लिए यथासंभव आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जरूरतमंद एवं पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे योजना की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन करें, ताकि आर्थिक कठिनाई के कारण गंभीर बीमारी का उपचार प्रभावित न हो।



