अलीगढ़

जिले में 31 जुलाई को होगी ’’नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’’ जनपद स्तरीय प्रतियोगिता

अलीगढ़  युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा माय भारत के तत्वावधान में ’’नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’’ अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 31 जुलाई 2026 को प्रातः 9 बजे श्री वार्ष्णेय कॉलेज, अलीगढ़ में किया जाएगा। यह जानकारी माय भारत केन्द्र, अलीगढ़ की जिला युवा अधिकारी शालिनी नेगी द्वारा दी गई।उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान युवाओं को नशे एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें जिला स्तर के विजेता राज्य स्तर और राज्य स्तर के चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।प्रतियोगिताओं में संगीत (लोकगीत), नृत्य, नुक्कड़ नाटक/मूक अभिनय, चित्रकला, वाद-विवाद/भाषण, रील/लघु फिल्म, स्लोगन लेखन एवं स्लैम काव्य शामिल हैं। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक प्रतियोगिता में भाग ले सकेगा। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाग कर सकते हैं।शालिनी नेगी ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने का आह्वान करते हुए कहा कि इच्छुक प्रतिभागी विस्तृत दिशा-निर्देश एवं ऑनलाइन पंजीकरण के लिए माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध क्यूआर कोड अथवा पंजीकरण लिंक का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9412897443 तथा ई-मेल mybharataligarh@gmail.com  पर भी संपर्क किया जा सकता है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!