मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं किसान कल्याण से जुड़े विभागों की मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न
रबी फसल के दृष्टिगत सभी जनपदों में यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें, खाद वितरण में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

पशुपालन, कृषि, सहकारिता, उद्यान एवं खाद्य एवं रसद विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, पात्र किसानों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाएं – मण्डलायुक्त
अलीगढ़, मण्डलायुक्त ओ.पी. आर्य की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं किसान कल्याण से जुड़े विभिन्न विभागों की मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशुपालन, कृषि, सहकारिता, उद्यान तथा खाद्य एवं रसद विभाग की विभागवार समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने मण्डलीय एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों को शासन की मंशानुसार योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।मण्डलायुक्त ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें। योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकाधिक किसान एवं पशुपालक योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करें। पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि प्रगतिशील किसानों एवं पशुपालकों से संपर्क स्थापित कर उन्हें विभागीय योजनाओं के संचालन एवं प्रचार-प्रसार में सहभागी बनाया जाए। पशु चिकित्सा, कृत्रिम गर्भाधान, बकरी पालन एवं टीकाकरण की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाया जाए। प्रत्येक जनपद में पशुपालन विभाग के अधिकारी 10-10 गौशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं कमियों की विस्तृत रिपोर्ट 15 ,दिन में उपलब्ध कराएं, ताकि कमियों को दूर कर गौशालाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जा सके।मण्डलायुक्त ने रबी फसल की बुवाई के दृष्टिगत मण्डल के सभी जनपदों में यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुचारु वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से एटा एवं कासगंज में खाद से संबंधित समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए संबंधित एआर कोऑपरेटिव को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा किसानों को अनावश्यक परेशानी स्वीकार नहीं की जाएगी।कृषि एवं संबंधित विभागों की समीक्षा में वर्मी कंपोस्ट, खेत तालाब योजना, कृषक जागरूकता कार्यक्रम, मिलेट्स पुनरुद्धार कार्यक्रम, मक्का विकास कार्यक्रम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं खाद्य प्रसंस्करण सहित अन्य योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा अधिकाधिक पात्र किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने अन्त्योदय अन्न योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने, रिक्त एवं संचालित न होने वाली 65 उचित दर दुकानों का आवंटन शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्माणाधीन एवं अवशेष अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण प्राथमिकता पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।मण्डलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की प्रगति में मात्र औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि धरातल पर उनके परिणाम दिखाई देने चाहिए। किसानों एवं ग्रामीणों को योजनाओं से वास्तविक लाभान्वित करना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन प्रदीप कुमार यादव, जेडीसी मंशाराम यादव, सम्बंधित समस्त विभागों के उप निदेशक, उपायुक्त, जिला पूर्ति अधिकारी आदि मौजूद रहे।



