50 लाख से अधिक की परियोजनाओं पर डीएम सख्त, गुणवत्ता व समयबद्धता से पूरा करने के निर्देश
निर्माण कार्यों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, डीएम ने कहा- गुणवत्ता से करें परियोजनाएं पूरी

अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलैक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य मानक के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद विभाग सीधे हस्तगत नहीं करेंगे, बल्कि कार्यदायी संस्थाओं को पूर्णता प्रमाणपत्र के साथ इन्वेंट्री उपलब्ध करानी होगी, जिससे तकनीकी जांच सुनिश्चित की जा सके।सड़क निर्माण, नवीनीकरण एवं विशेष मरम्मत कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अलीगढ़-रामघाट कल्याण मार्ग के चैड़ीकरण कार्य में लोक निर्माण विभाग को तेजी लाने एवं पेड़ कटान की धीमी प्रक्रिया पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को पत्राचार कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार ने बताया कि सूत मिल चैराहे से नादा पुल तक सड़क निर्माण कार्य इसी माह पूर्ण कर लिया जाएगा। जन सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने आबादी वाले क्षेत्रों में एबीसी बंच केबल स्थापित करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को अक्टूबर तक सभी लंबित परियोजनाएं पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि उसका त्वरित समाधान कराया जा सके। राजकीय निर्माण निगम द्वारा संचालित क्रिटिकल केयर यूनिट में फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में होने की जानकारी दी गई। वहीं मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय अतरौली की समीक्षा में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पहले शैक्षणिक भवन का निर्माण पूर्ण कराया जाए, उसके बाद चाहरदीवारी का कार्य कराया जाए। गोरई बस स्टैंड जून माह के अंत तक पूर्ण होने की जानकारी दी गई।स्टॉर्म वाटर परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर जल निकासी कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या न हो। आश्रम पद्धति विद्यालय का 92 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि नवीन राजकीय हाईस्कूल बालूखेड़ा में भवन निर्माण पूरा होने पर तीन दिनों के भीतर विद्युत संयोजन के लिए पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने उपरगामी सेतुओं के नीचे बनने वाली साइड लेन सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही एटा चुंगी चैराहे पर निर्माणाधीन पुल के किनारे सर्विस रोड को बरसात से पहले हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए।अलीगढ़ नगर निगम सीमा विस्तार पेयजल ग्रुप योजना की समीक्षा में जल निगम शहरी के अधिकारियों ने बताया कि 8 स्थलों का चिन्हांकन अभी शेष है, जबकि 20 स्थान चिन्हित किए जा चुके हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नगर निगम को शेष स्थान शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में मल्टीलेवल कार पार्किंग, फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट, थानों के आवासीय एवं अनावासीय भवन, पर्यटन विकास कार्य, होमगार्ड कार्यालय, न्यायालय भवन, छलेसर मिनी इंडोर स्टेडियम, अतरौली नगर पालिका पुनर्गठन पेयजल योजना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई।



