बधिर सहायता समिति’’ द्वारा कमिश्नरी में प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया गया आयोजन
कमिश्नर व अन्य कार्मिकों ने सीखी सांकेतिक भाषा,

अलीगढ़ आयुक्त अलीगढ़ मण्डल अलीगढ़ संगीता सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में ’’बधिर सहायता समिति’’ के माध्यम से मंगलवार को भारतीय सांकेतिक भाषा से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मण्डलायुक्त ने विभिन्न प्रकार के साइन सीखे और मूक-बधिर दिव्यांगजनों से संवाद का अभ्यास भी किया।
मण्डलायुक्त ने कहा कि मूक-बधिरजनों से जुड़ने एवं उनकी मनोदशा व अन्य समस्याओं को समझने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम बहुत ही उपयोगी हैं। यदि हम वास्तव में मूक-बधिर दिव्यांगजनों की पीड़ा को समझना चाहते हैं, तो हमें सांकेतिक भाषा सीखनी ही चाहिए। इससे न केवल संवाद सरल होगा, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान भी शीघ्रता से किया जा सकेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम समिति के अध्यक्षएवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी अनुभव गौतम ने बताया कि प्रत्येक सरकारी कार्यालय में कर्मचारियों को साइन भाषा का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए, ताकि मूक-बधिर व्यक्तियों की शिकायतें, समस्याएं और आवश्यकताएं बिना किसी अवरोध के सुनी जा सकें। इस दौरान समिति की सचिव श्रीमती ताहिरा गौतम, सदस्यगण श्रीमती मोनिका गौतम, कु० तबस्सुम, कु० अलीबा, कु० तैयवा, रिजवान, खिजर, शिवनारायन, ईशान, तनवीर द्वारा बड़े ही सरल ढ़ंग से अभिवादन, नमस्ते, धन्यवाद, स्वागत, क्षमा, कृपया आदि शब्दों एवं सहायता, पुरुष व महिला में भेद, रंगों की पहचान के सम्बन्ध में सांकेतिक भाषा में प्रशिक्षण दिय।
इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रथम अखिलेश यादव संयुक्त विकास आयुक्त मंशाराम यादव, उप महानिरीक्षक निबन्धन, संयुक्त आयुक्त सहकारिता, उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक यातायात, समेत कमिश्नरी के अन्य कार्यालयों के अधिकारीगण व कर्मचारीगण एवं उनके अधीनस्थ कार्मिकों द्वारा प्रतिभाग किया गया।



