असहाय छात्र आदर्श वार्ष्णेय की शिक्षा का बना सहारा,
हैंड्स फॉर हेल्प ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

अलीगढ़। हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था ने एक और मानवीय पहल करते हुए आर्थिक रूप से असहाय परिवार के छात्र आदर्श वार्ष्णेय (कक्षा 8) की शिक्षा में सहयोग का संकल्प लिया है।संस्था को सूचना मिली कि आदर्श के पिता का निधन हो चुका है तथा परिवार में आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं है। आर्थिक तंगी के कारण उसकी माता को बेटे की पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सूचना मिलते ही संस्था की टीम ने मौके पर पहुँचकर परिवार का सर्वे किया और छात्र को सहायता के लिए पात्र पाया। बातचीत के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आदर्श पढ़-लिखकर अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहता है।
संस्था ने बच्चे के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए उसकी शिक्षा में सहयोग करने का निर्णय लिया। प्रथम चरण में छात्र को आवश्यक पाठ्य सामग्री, पाठ्यक्रम (सिलेबस) एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर पुनः विद्यालय भेजा गया, ताकि उसकी पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में बाधित न हो।इस मानवीय कार्य में रमेश चंद चाचा (कुटी) का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा, जिसके लिए संस्था परिवार उनका हार्दिक आभार व्यक्त करता है। संस्था का मानना है कि कोई भी प्रतिभा केवल आर्थिक अभाव के कारण रुकनी नहीं चाहिए। हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था ऐसे जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली बच्चों की शिक्षा में यथासंभव सहयोग करने के लिए सदैव प्रयासरत रहेगी।संस्था ने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के आशीर्वाद, विश्वास और सहयोग से ही ऐसे सेवा कार्य निरंतर संभव हो पा रहे हैं।



