अलीगढ़ में 66 स्थानों से 1722 करोड़ रुपये कीमत की पांच लाख वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया
परियोजनाओं के विकास से महानगर की तस्वीर बदलेगी साथ ही निगम की आय में भी वृद्धि होगी

अलीगढ़ नगर निगम कब्जा मुक्त कराई गई करीब पांच लाख वर्ग मीटर जमीन पर व्यवसायिक कॉम्पलेक्स, बहुमंजिली पार्किंग, अस्पताल, पेयजल परियोजना और डायग्नोस्टिक सेंटर बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा सार्वजनिक पार्क, बिजलीघर, ई-लाइब्रेरी भी बनाई जाएंगी। पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर बनने वाली इन परियोजनाओं के लिए निगम ने खाका खींचना शुरू कर दिया है।पिछले आठ माह के भीतर नगर निगम ने महानगर में 66 स्थानों से 1722 करोड़ रुपये कीमत की पांच लाख वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया है। एमएयू, नगला पटवारी, रामघाट रोड पर पीएसी के सामने वाली जमीन, क्वार्सी असदपुर क्यामपुर, क्वार्सी सहित कई इलाकों में नगर निगम की इस जमीन पर कब्जा चला आ रहा था। कब्जा मुक्त होने के बाद इस जमीन पर विकास के रास्ते भी खुलेंगे। परियोजनाओं के विकास से महानगर की तस्वीर बदलेगी साथ ही निगम की आय में भी वृद्धि होगी।पार्किंग न होने से इस समय महानगर में सबसे बड़ी समस्या जाम की है। क्वार्सी सहित कई इलाकों में बहुमंजिली पार्किंग बनने से जाम से राहत मिलेगी। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से आम नागरिकों को बेहतर इलाज मिलेगा। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनने से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।



