संचारी रोग नियंत्रण अभियान का भव्य शुभारंभ
स्वच्छता ही बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय

श्री प्रशांत सिंघल, महापौर
अलीगढ़ संचारी रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए एक माह तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान का बुधवार को भव्य शुभारंभ जागरूकता रैली के साथ किया गया। मलखान सिंह जिला चिकित्सालय परिसर से आयोजित रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा0 महापौर श्री प्रशांत सिंघल ने फीता काटकर, सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए हरी झंडी दिखाकर किया।इस अवसर पर मा0 महापौर ने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन का आधार है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखे तो अधिकांश संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे साफ-सफाई को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा मच्छरों एवं अन्य रोगवाहक कारकों के पनपने से रोकने में प्रशासन का सहयोग करें।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपने घरों एवं आसपास जलभराव न होने देने, स्वच्छता बनाए रखने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करने की अपील की।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ0 विनीता मिश्रा ने बताया कि 01 जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित होने वाले अभियान के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों द्वारा घर-घर भ्रमण कर ज्वरग्रस्त मरीजों, मलेरिया, फाइलेरिया, कुष्ठ, क्षय रोग, डायरिया से प्रभावित रोगियों तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जाएगी, ताकि समयबद्ध उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फॉगिंग एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पोस्टर, बैनर एवं पंपलेट वितरित किए जाएंगे और लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
जागरूकता रैली मलखान सिंह जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर रसलगंज एवं हकीम की सराय होते हुए पुनः जिला चिकित्सालय परिसर में संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े नारों के माध्यम से नागरिकों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तैयब खान, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. राजपूत एवं डॉ. दिनेश खत्री, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल शर्मा एवं डॉ. अमित शर्मा, अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. नरेन्द्र कुमार, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. रोहित गोयल, सहायक मलेरिया अधिकारी जितेन्द्र कुमार वार्ष्णेय, मलेरिया निरीक्षक राजेश कुमार पाठक, महर्षि अग्निहोत्री, उमा रानी, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शोएब अंसारी, जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक कमलेश चौरसिया, अर्बन कोऑर्डिनेटर अकबर, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सुरेश सिंह भदौरिया, हॉस्पिटल मैनेजर मनीष सहित शिक्षा एवं कृषि विभाग के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग तथा नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



