गंभीर ऑपरेशन के दौरान हैंड्स फॉर हेल्प ने कराया रक्त का प्रबंध,परिवार को मिली राहत
शकील अहमद की आकस्मिक रक्त सहायता कर परिवार को बड़ी राहत प्रदान की

अलीगढ़, हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ ने मानवता एवं सेवा का परिचय देते हुए मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ में भर्ती बरेली निवासी 29 वर्षीय शकील अहमद की आकस्मिक रक्त सहायता कर परिवार को बड़ी राहत प्रदान की।
संस्था को सूचना प्राप्त हुई कि शकील अहमद का पेट का गंभीर ऑपरेशन चल रहा है। ऑपरेशन के लिए परिवार द्वारा स्वयं 10 यूनिट रक्त की व्यवस्था की जा चुकी थी, लेकिन चिकित्सकों द्वारा जीवनरक्षक उपचार हेतु अतिरिक्त 4 यूनिट रक्त की तत्काल आवश्यकता बताई गई। परिवार आर्थिक एवं मानसिक रूप से अत्यंत परेशान था तथा तत्काल सहायता की आवश्यकता थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था ने बिना विलंब किए सक्रिय होकर आवश्यक रक्त का प्रबंध कराया। संस्था के प्रयासों से समय रहते रक्त उपलब्ध हो सका, जिससे मरीज के उपचार में सहायता मिली और परिवार को बड़ी राहत प्राप्त हुई।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद, असहाय एवं पीड़ित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को रक्त के अभाव में परेशान न होना पड़े, इसके लिए संस्था निरंतर कार्य कर रही है। संकट की घड़ी में किसी जरूरतमंद की सहायता करना ही सच्ची मानव सेवा है। रक्त सहायता प्राप्त होने पर शकील अहमद के परिजनों ने हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा संस्था के इस मानवीय कार्य की सराहना की।



