संकट की घड़ी में विष्णु शर्मा के परिवार का सहारा बनी हैंड्स फॉर हैल्प संस्था
सहायता मिलने पर परिवार की आँखें नम हो गईं और परिजनों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया

अलीगढ़। हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ को सूचना प्राप्त हुई कि गुरुद्वारा रोड निवासी लगभग 48 वर्षीय विष्णु शर्मा गंभीर बीमारी के चलते मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। विष्णु शर्मा चौकीदार की नौकरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में कुल सात सदस्य हैं, जो उन पर आश्रित हैं। बीमारी के कारण परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।परिवार ने कर्ज लेकर अब तक उपचार कराया, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अब दवाइयों और जरूरी जाँचों का खर्च उठाना भी मुश्किल हो गया था। कठिन समय में परिवार को हर तरफ निराशा दिखाई दे रही थी। रिश्तेदारों से भी सहयोग की उम्मीद समाप्त होने पर परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया। सूचना मिलने पर संस्था की टीम ने मौके पर पहुँचकर परिवार की स्थिति का जायजा लिया। परिजनों से बातचीत के दौरान पता चला कि आर्थिक तंगी के कारण परिवार मरीज को बिना समुचित उपचार के घर ले जाने तक के लिए मजबूर हो रहा था। न दवाइयों की व्यवस्था हो पा रही थी और न ही आवश्यक जाँचें कराई जा रही थीं। परिवार की वास्तविक स्थिति को देखते हुए हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था ने इस दुःख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े होकर यथासंभव मदद करने का निर्णय लिया। संस्था ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराते हुए मरीज की दवाइयों और आवश्यक जाँचों की व्यवस्था शुरू कराई, जिससे उपचार आगे बढ़ सके।इस मानवीय कार्य में संस्था के सदस्य रमन चौधरी एवं कनाडा निवासी मनी ढिल्लन ने विशेष सहयोग प्रदान किया। सहायता मिलने पर परिवार की आँखें नम हो गईं और परिजनों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्था का कहना है कि जरूरतमंद एवं असहाय परिवारों की कठिन परिस्थितियों में उनके साथ खड़े रहना ही सच्ची मानव सेवा है। संस्था आगे भी अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रयासरत रहेगी। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार के साथ रामू रावत, विवेक पुंडीर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



