आधे-अधूरे नलकूप का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे महापौर, नाराज़ जनता 12 बजे देगी धरना
25 लाख की लागत से बना नलकूप अब भी बेकार, मुख्य पेयजल लाइन से न जुड़ने पर फूटा लोगों का गुस्सा

अलीगढ़।महानगर के दुबे का पड़ाव सब्जी मंडी क्षेत्र में करीब 25 लाख की लागत से निर्मित नलकूप उद्घाटन से पहले ही विवादों में घिर गया है। एक ओर महापौर प्रशांत सिंघल सोमवार को शहर के नए नलकूपों का वर्चुअल उद्घाटन करने जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने अधूरे कार्य के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि ठेकेदार की मनमानी और विभागीय लापरवाही के कारण करोड़ों की योजनाओं की तरह यह नलकूप भी जनता के लिए ‘सफेद हाथी’ बनकर रह गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे संघर्ष के बाद क्षेत्र को यह नलकूप स्वीकृत हुआ था। निर्माण पूरा होने के बावजूद विभागीय उदासीनता के चलते करीब छह महीने तक बिजली कनेक्शन नहीं मिल सका। बाद में इसे गांधी पार्क स्थित पानी की टंकी से जोड़ दिया गया, लेकिन जिस उद्देश्य से यह नलकूप लगाया गया था, वह आज भी अधूरा है। लोगों का कहना है कि नलकूप को अब तक मुख्य पेयजल पाइपलाइन से नहीं जोड़ा गया, जिससे आसपास के घरों तक सीधे स्वच्छ और पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार जलकल विभाग और महापौर प्रशांत सिंघल से शिकायत की। महापौर ने अधिकारियों को मुख्य पेयजल लाइन से नलकूप जोड़ने के निर्देश भी दिए, लेकिन अधिकारियों और ठेकेदार ने उन निर्देशों को भी गंभीरता से नहीं लिया। परिणामस्वरूप आज तक यह महत्वपूर्ण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।इस लापरवाही से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक नलकूप को मुख्य पेयजल लाइन से जोड़कर पूरी तरह चालू नहीं किया जाता, तब तक उसके उद्घाटन का विरोध किया जाएगा। इसी मांग को लेकर क्षेत्रवासी आज दोपहर 12 बजे दुबे का पड़ाव सब्जी मंडी क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।



