अलीगढ़

नगर निगम के खिलाफ नगला पटवारी में फूटा लोगों का गुस्सा, घरों पर लगाए काले झंडे

नगला पटवारी क्षेत्र में लंबे समय से नाले की सफाई और भूमिगत निर्माण की मांग पूरी न होने पर स्थानीय लोगों का आक्रोश

अलीगढ़ नगला पटवारी क्षेत्र में लंबे समय से नाले की सफाई और भूमिगत निर्माण की मांग पूरी न होने पर स्थानीय लोगों का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आया। संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा के आह्वान पर क्षेत्रवासियों ने अपने-अपने घरों पर काले झंडे लगाकर नगर निगम अलीगढ़ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।मोर्चा के संस्थापक जितेंद्र शर्मा ने बताया कि नगला पटवारी से गुजर रहे नाले की नियमित सफाई न होने के कारण वर्षभर सड़कों पर गंदा पानी भरा रहता है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है तथा स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बने रहते हैं।

 

उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के साथ हादसों की आशंका बनी रहती है और कब्रिस्तान, श्मशान घाट, मंदिर तथा मस्जिद जाने वाले लोगों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।उन्होंने बताया कि नाले के भूमिगत निर्माण की मांग को लेकर नगर आयुक्त अलीगढ़ एवं उपजिलाधिकारी कोल को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में स्थानीय निवासियों की सहमति से 8 जुलाई को काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया गया।सुबह बारिश के बावजूद क्षेत्र के लोगों ने अपने घरों पर काले झंडे लगाए। मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोहम्मद रिजवान शाह के नेतृत्व में नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया गया और “नगर निगम मुर्दाबाद” के नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नगर निगम अलीगढ़ का घेराव कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।प्रदर्शन के दौरान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद फरमान, मीडिया प्रभारी अब्दुल हादी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!