अलीगढ़

जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, अलीगढ़ में 140 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण पूरा

27 चार्जों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे फील्ड ट्रेनर्स, 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक होगी जनसंख्या की गणना

अलीगढ़ : जनगणना-2027 के सफल, सुचारू एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए अलीगढ़ में प्रशिक्षण की प्रक्रिया महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। जनपद में चयनित सभी 140 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण चार बैचों में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। अब ये फील्ड ट्रेनर्स जिले के सभी 27 चार्जों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनसंख्या गणना का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
आईटीएम कॉलेज, खैर रोड, करसुआ में 12 से 14 अक्टूबर तक फील्ड ट्रेनर्स के तृतीय एवं चतुर्थ बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के समापन सत्र में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसके सफल संचालन में फील्ड ट्रेनर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अर्जित ज्ञान एवं मोबाइल ऐप की तकनीकी दक्षता का उपयोग करते हुए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रभावी प्रशिक्षण देने का आह्वान किया।प्रशिक्षण में 40 प्रश्नों वाली प्रश्नावली, पीई मोबाइल ऐप, गणना प्रक्रिया तथा 16 से 30 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित स्व-गणना के संबंध में सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। जनसंख्या गणना का मुख्य कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक संपन्न होगा। समापन अवसर पर सभी फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना प्रतिज्ञा दिलाकर कार्य को निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के लिए प्रेरित किया गया।
27 चार्जों में होगा प्रशिक्षण का विस्तार जनपद में जनगणना कार्य के लिए नगर निगम के चार, ग्रामीण क्षेत्रों में सभी तहसीलों  को सम्मिलित करते हुए पांच, नगरपंचायतों के 16 तथा नगर पालिकाओं के दो चार्ज निर्धारित हैं। इन सभी 27 चार्जों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षणफील्ड ट्रेनर्स के माध्यम से कराया जाएगा। इससे जनगणना की प्रक्रिया में एकरूपता, तकनीकी दक्षता और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य जनगणना के प्रत्येक चरण को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराना है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!