मोबाइल कोर्ट के माध्यम से दिव्यांगजनों की समस्याओं का होगा गुणवत्तापरक निस्तारण
28 मई को सर्किट हाउस में होगा आयोजन

अलीगढ़ जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रोहित कुमार ने जिले में निवासरत समस्त दिव्यांगजनों एवं दिव्यांगजनों के हितार्थ कार्यरत स्वैच्छिक संगठनों एवं संस्थाओं को सूचित किया है कि 28 मई को प्रातः 10 बजे से अपरान्ह 04 बजे तक राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश द्वारा मोबाइल कोर्ट का आयोजन सर्किट हाउस सभागार में किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश द्वारा मोबाइल कोर्ट में उपस्थित दिव्यांगजनों की समस्त समस्याओं की सुनवाई कर सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों द्वारा शिकायत के त्वरित निस्तारण की कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
उन्होंने सभी दिव्यांगजनों एवं दिव्यांगजनों के हितार्थ स्वैच्छिक संगठनों व संस्थाओं से यह अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में निर्धारित समय एवं स्थान पर उपस्थिति होकर अपनी समस्याओं का निराकरण करा सकते हैं।



