नागरिक सुरक्षा विभाग में स्वयंसेवकों की भर्ती
18 से 40 वर्ष आयु के इच्छुक युवक-युवतियां कर सकते हैं सेक्टर वार्डेन, गृह अग्निशमन एवं प्राथमिक चिकित्सा के लिए मांगे गए आवेदन

अलीगढ़ आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा स्वयंसेवकों की भर्ती की जा रही है। इसके लिए सेक्टर वार्डेन, गृह अग्निशमन एवं प्राथमिक चिकित्सा के क्षेत्र में सेवा देने के इच्छुक युवक-युवतियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा विभाग संगीता देवी ने बताया कि नागरिक सुरक्षा कोर में स्वयंसेवकों की भर्ती अवैतनिक आधार पर की जा रही है। इसका उद्देश्य आपदा एवं संकट की परिस्थितियों में प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करना और जनसामान्य की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाना है। समाज सेवा के प्रति समर्पित और जरूरत के समय लोगों की सहायता के लिए तत्पर नागरिक इस सेवा से जुड़ सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थी भारतीय नागरिक होने के साथ अलीगढ़ नगर क्षेत्र के निवासी होने चाहिए। उनकी आयु 18 से 40 वर्ष के मध्य और शैक्षिक योग्यता न्यूनतम हाईस्कूल अथवा इंटरमीडिएट होनी चाहिए। पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं। आवेदक का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना, किसी आपराधिक मामले में दोषसिद्ध न होना और किसी राजनीतिक दल से संबद्ध न होना आवश्यक है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक बल अथवा सशस्त्र बलों से संबंधित सेवा का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी आधार कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र एवं भर्ती से संबंधित निर्धारित मूल प्रपत्रों के साथ अपना आवेदन कार्यालय जिलाधिकारी नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा विभाग, एफ-24, प्रथम तल, विकास भवन, रामघाट रोड, अलीगढ़ में जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र उक्त कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। भर्ती संबंधी अधिक जानकारी के लिए विभाग के दूरभाष नंबर 0571-2972350 अथवा मोबाइल नंबर 9719654767 पर संपर्क किया जा सकता है।



