अलीगढ़

नीट (यूजी) परीक्षा-2026 को लेकर कलैक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक, सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर सख्त निर्देश

शहर के 20 परीक्षा केंद्र पर 3 मई को होगी नीट की परीक्षा

अलीगढ़ रविवार 03 मई को आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा-2026 के सुचारु, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी नगर किंशुक श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट संबंधित विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा से जुड़े नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।अपर जिलाधिकारी नगर ने कहा कि जिले के 20 परीक्षा केन्द्रों पर 9819 परीक्षार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। नीट (यूजी) परीक्षा दोपहर 02 बजे से 05 बजे तक आयोजित की जाएगी। ऐसे में प्रत्येक केन्द्र पर सुरक्षा, गोपनीयता और अनुशासन सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने आवंटित परीक्षा केन्द्रों पर समय से पूर्व पहुंचकर केन्द्र व्यवस्थापक के साथ समन्वय स्थापित करें और परीक्षा समाप्ति तक मौके पर मौजूद रहकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, कोचिंग संचालकों या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। सभी केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करते हुए अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास को सुव्यवस्थित रखा जाए।
एडीएम नगर ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं बिजली की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अभ्यर्थियों की चेकिंग प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुगम बनाया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखते हुए परीक्षा केन्द्रों के आसपास जाम की स्थिति न बनने दी जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक चिकित्सा सुविधा एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी अधिकारी का स्थानांतरण हो चुका है, तो उनके स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने वाले अधिकारी को ही नामित मानते हुए दायित्वों का निर्वहन करना होगा। अपर जिलाधिकारी नगर ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च जिम्मेदारी है और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इसे सफल बनाएं।
     एनटीए द्वारा प्रधानाचार्य केंद्रीय विद्यालय डॉ0 खुशीराम और डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ0 विपिन कुमार वार्ष्णेय को सिटी कॉर्डिनेटर बनाया गया है। हर केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात करेंगे। परीक्षा केंद्र पर 11 बजे से प्रवेश मिलेगा। 1:30 तक ही प्रतियोगिता परीक्षार्थी प्रवेश पा सकेंगे। बिना एडमिट कार्ड परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थी प्रवेश पत्र के साथ ही 2 पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ एक पोस्टकार्ड साइज़ का फोटो साथ लाएंगे। प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी लगेंगी। परीक्षा केंद्र पर जैमर भी रहेगा।
  बैठक में एसपी क्राइम ममता कुरील, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ पूरन सिंह, सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार, जिला बचत अधिकारी पीयूष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
20 परीक्षा केंद्रों के नाम :
डीएवी इंटर कॉलेज नौरंगाबाद, श्री महेश्वर इंटर सासनीगेट, श्री महेश्वर गर्ल्स इंटर कॉलेज मदारगेट, रतन प्रेम डीएवी गर्ल्स इंटर कॉलेज नौरंगाबाद, रघुवीर सहाय इंटर कॉलेज खिरनीगेट, गोपीराम पालीवाल इंटर कॉलेज अचलताल, चिरंजीलाल बालिका इंटर कॉलेज सासनीगेट, चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज अचलताल, हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज अचलताल, धर्म समाज इंटर कॉलेज दुबे का पड़ाव, अग्रसेन इंटर कॉलेज हरदुआगंज, श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय, श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज, एसएमबी इंटर कॉलेज, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय देवसैनी, जनता इंटर कॉलेज छेरत, धर्मसमाज महाविद्यालय ब्लॉक ए एवं ब्लॉक बी, श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय ब्लॉक ए एवं ब्लॉक बी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!