हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अलीगढ़ से अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए शिवभक्त
अलीगढ़ के श्रद्धालुओं का एक जत्था पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए बालटाल मार्ग से रवाना

अलीगढ़ : भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा, आस्था और विश्वास के साथ अलीगढ़ के श्रद्धालुओं का एक जत्था पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए बालटाल मार्ग से रवाना हुआ। यात्रा पर प्रस्थान से पूर्व श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की तथा ’’हर-हर महादेव’’ और ’’बम-बम भोले’’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यात्रा पर रवाना होने वालों में केनरा बैंक, रामघाट शाखा के दीपेश कुमार, डीएम कार्यालय के एसीआरए राजेश कुमार, एसी स्टांप मृदुल गुप्ता, स्टेनो नवनीत कुमार और सचिन शर्मा सहित अन्य शिवभक्त शामिल हैं। श्रद्धालु बालटाल मार्ग से बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा तक पहुंचकर हिम शिवलिंग के दर्शन एवं पूजन करेंगे।
श्रद्धालु दीपेश दिवाकर ने कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, श्रद्धा, समर्पण और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुपम संगम है। बाबा बर्फानी के दर्शन प्रत्येक शिवभक्त के जीवन का एक अविस्मरणीय और पुण्यदायी क्षण होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सुरक्षित यात्रा करने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा देश एवं समाज की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करने का आह्वान किया। श्रद्धालुओं के प्रस्थान के अवसर पर परिजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए बाबा अमरनाथ से सभी के सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की मंगलकामना की।
—-



