युवा उत्सव में दिखी प्रतिभा, विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में युवाओं ने रखे राष्ट्र निर्माण के विचार
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026-27 के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया

अलीगढ़ : युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से शुक्रवार को जिले में युवा उत्सव-2026 एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026-27 के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दोनों आयोजनों में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी कला, नवाचार और विचारशीलता का परिचय दिया।डीएस इंटर कॉलेज में आयोजित जिलास्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह ने किया। इसमें कविता लेखन, समूह संगीत, सामूहिक लोकनृत्य, पेंटिंग एवं नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सामूहिक लोकनृत्य में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुति दी, जबकि नुक्कड़ नाटक में डीएस डिग्री कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में भूपेंद्र कुमार और पेंटिंग में टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज की निधि मिश्रा ने प्रथम स्थान हासिल किया। समापन पर विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, डीएस डिग्री कॉलेज में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026-27 के तहत विकसित भारत चैलेंज ट्रैक की जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित हुई।जिला युवा कल्याण अधिकारी जे0पी0 सिंह ने बताया कि पीपीटी राउंड एवं चैलेंज ट्रैक में प्रतिभागियों ने राष्ट्र निर्माण, युवा नेतृत्व और देश के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार एवं प्रस्तुतियां रखीं। प्रतियोगिता में विवेक कुमार शर्मा ने प्रथम, अर्चिता राजपूत ने द्वितीय, असद मर्सिन ने तृतीय, खुशी वर्मा ने चतुर्थ, कल्याण शर्मा ने पंचम और जितेंद्र कुमार ने षष्ठम स्थान प्राप्त किया।दोनों आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, रचनात्मक सोच विकसित करने और नेतृत्व क्षमता को निखारने का अवसर मिला। आयोजकों ने युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।



