नौरंगाबाद में 57वें दौज काली मेले की धूम,जय मां काली के जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र
विभाग प्रचारक गोविंद ने केसरी पताका से किया मेले का शुभारंभ

नौरंगाबाद जीटी रोड पर दौज काली मेले का 57वां वर्ष बड़े ही धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
श्री रामचन्द्र एवं कपिलेश्वर महाराज मंदिर कमेटी (रजि•) के तत्वाधान में मां काली की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पथवारी माता मंदिर से शुरू होकर नौरंगाबाद और छावनी की गलियों से होते हुए एटा चुंगी चौराहा तक गई और वापस मंदिर पर आकर संपन्न हुई, शोभायात्रा में मां काली की भव्य झांकी, बालाजी महाराज का डोला विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर मां का भव्य स्वागत किया। पूरा जीटी रोड जय मां काली – जय महाकाली के जयकारों से गूंज उठा। इस वर्ष मेले का सफल आयोजन समिति के पदाधिकारियों के नेतृत्व में हुआ। प्रबंधक प्रियव्रत मिश्र, अध्यक्ष सत्येन्द्र मिश्र, कोषाध्यक्ष कार्तिक शर्मा एवं अंकित गुप्ता, सुभाष, दुर्गा प्रसाद सहित समिति के सभी सदस्यों और क्षेत्रवासियों ने मेले को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। आयोजकों ने बताया कि यह मेला पिछले 57 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा है। यह सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि तीन पीढ़ियों की आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि संघ विभाग प्रचारक गोविंद, महानगर प्रचारक रामजी, शाहजीपुर प्रचारक चंद्र शेखर, आलोक याग्निक, राहुल सिंह, भूपेंद्र शर्मा, सुनील भंडारी आदि मौजूद रहे।



