अलीगढ़ के इगलास में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया
जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 100 जन शिकायतें प्राप्त हुईं

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए यह दिवस हर महीने के पहले और तीसरे शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित किया जाता है। आज के समाधान दिवस में जिलाधिकारी अविनाश कुमार के साथ एसएसपी नीरज जादौन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), बेसिक शिक्षा अधिकारी और अन्य अधीनस्थ अधिकारी मौजूद रहे।प्राप्त लगभग 100 शिकायतों में से अधिकांश ‘चकरोड’ पर अवैध कब्जों और पैमाइश से संबंधित थीं। इसके अतिरिक्त, पुलिस और विद्युत विभाग से जुड़े कुछ मामले भी सामने आए। जिलाधिकारी के समक्ष कुछ ऐसी जनसमस्याएं भी प्रस्तुत हुईं जो कई वर्षों से लंबित थीं।चकरोड से संबंधित बार-बार आ रही शिकायतों पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधीनस्थ राजस्व टीम और कानूनगो को सख्त निर्देश दिए कि चकरोड से जुड़ी सभी समस्याओं का निस्तारण 15 दिनों के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।एक मामले में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी (SDM) को संबंधित लेखपाल से स्पष्टीकरण (शो-कॉज नोटिस) मांगने के आदेश भी दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



