हमने स्वगणना की, आप भी करें: डीआईजी व एसएसपी ने दिया संदेश
21 मई तक उपलब्ध रहेगी ऑनलाइन स्वगणना सुविधा

अलीगढ़ : जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं आवास गणना के अंतर्गत मंगलवार को यूनिफॉर्म फोर्स डे के अवसर पर जिले में ऑनलाइन स्वगणना अभियान को गति प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रभाकर चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने स्वयं स्वगणना पोर्टल se.census.gov.in पर अपनी गणना दर्ज कराते हुए जिले के समस्त पुलिस बल, अर्द्धसैनिक बलों के कर्मियों एवं आम नागरिकों से भी समय रहते स्वगणना करने की अपील की। इन अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल इंडिया की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से नागरिक घर बैठे अपने परिवार एवं आवास संबंधी विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाया गया है, जिससे जनगणना कार्य अधिक सटीक और प्रभावी होगा।डीआईजी ने कहा कि प्रत्येक सरकारी कर्मचारी, वर्दीधारी बल के जवान एवं आमजन इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि जिला प्रदेश में स्वगणना के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सके। एसएसपी ने भी समस्त पुलिस कर्मियों से अपने परिवारों सहित स्वगणना पूर्ण करने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा 21 मई तक उपलब्ध रहेगी। नागरिक निर्धारित समयावधि के भीतर पोर्टल पर लॉगिन कर आवश्यक विवरण भर सकते हैं। जिला प्रशासन ने भी जनपदवासियों से अपील की है कि वे “हमने स्वगणना की, आप भी करें” संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए जनगणना-2027 को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।



