योग प्रतिज्ञा के साथ शुरू हुआ योग सप्ताह- नगर आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाया योग का संकल्प
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम में आयोजित हुआ योग प्रतिज्ञा कार्यक्रम

योग को दैनिक जीवन का एक अभिन्न अंग, समाज और राष्ट्र को स्वस्थ सशक्त बनाने के लिए पूर्ण समर्पित रहने का नगर आयुक्त ने दिलायी प्रतिज्ञा12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 15 जून से 21 जून तक आयोजित किए जा रहे योग सप्ताह का शुभारंभ नगर निगम सेवा भवन में योग प्रतिज्ञा कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम में नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वस्थ, सशक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण हेतु समर्पित रहने की शपथ दिलाई।योग सप्ताह के प्रथम दिवस आयोजित कार्यक्रम में नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव, सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह, तपस्या यादव कर निर्धारण अधिकारी आशीष सेठ कर अधीक्षक बेचन प्रसाद सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी योग अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है।नगर आयुक्त ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव से भी मुक्त होकर अपने कार्यों को अधिक दक्षता एवं सकारात्मकता के साथ संपादित कर सकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग के लिए अवश्य निकालें और इसे अपने जीवन की नियमित आदत बनाएं।योग सप्ताह के दौरान नगर निगम परिसर में प्रतिदिन योग, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन योग के प्रति जागरूक हो सकें।नगर आयुक्त ने कहा योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में योग एक वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है। आज विश्व के करोड़ों लोग योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाकर निरोगी काया और मानसिक शांति प्राप्त कर रहे हैं।नगर आयुक्त ने कहा नगर निगम परिवार का प्रत्येक सदस्य योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करे और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करे। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ शहर और स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। योग सप्ताह का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि योग को जन-जन तक पहुंचाना है।



