अलीगढ़

लुईसा सोल्स गर्ल्स स्कूल में छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम की दी गई जानकारी

गुड टच-बैड टच समझाया, असहज स्थिति में तुरंत आवाज उठाने के लिए किया जागरूक

अलीगढ़: बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लुईसा सोल्स गर्ल्स स्कूल, तहसील तिराहा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पैरा लीगल वॉलंटियर्स सत्यप्रकाश गोयल सईदा खातून, नीरजा सिन्हा अजय कुमार एवं सोनम सिंह ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम, 2012 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के प्रति जागरूक किया।पीएलवी ने छात्र-छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर सरल एवं सहज तरीके से समझाया। उन्हें बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति का व्यवहार, स्पर्श या बातचीत उन्हें असहज महसूस कराए तो ऐसी स्थिति को नजरअंदाज न करें और तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक, अभिभावक या किसी विश्वसनीय वयस्क को इसकी जानकारी दें। बच्चों को यह भी समझाया गया कि उनकी सुरक्षा सर्वाेपरि है और किसी भी अनुचित व्यवहार के लिए उन्हें स्वयं को दोषी नहीं मानना चाहिए।
कार्यक्रम में पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण, शिकायत एवं सहायता प्राप्त करने के अधिकार तथा किसी घटना की जानकारी होने पर उचित माध्यम से सूचना देने के संबंध में भी जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों परिस्थितियों में सतर्क रहने तथा अपनी निजी जानकारी और व्यक्तिगत सीमाओं की सुरक्षा के प्रति सचेत किया गया।पीएलवी ने कहा कि बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी देना ही उन्हें किसी भी संभावित जोखिम से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जागरूक बच्चे न केवल स्वयं सुरक्षित रह सकते हैं, बल्कि अपने साथियों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने जागरूकता संबंधी जानकारी में रुचि लेते हुए अपनी जिज्ञासाओं के संबंध में प्रश्न भी किए, जिनका पीएलवी द्वारा सरल भाषा में समाधान किया गया। स्कूल प्रबंधक आशीष जी एवं प्रधानाचार्या भावना शर्मा जी का योगदान रहा।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!