स्वगणना में आनलाइन पोर्टल पर जानकारी भरने के बाद मिलेगा पहचान नंबर, गणना प्रक्रिया होगी पूरी
16 से 30 तक घर बैठे खुद दर्ज कर सकेंगे परिवार का ब्योरा

अलीगढ़ जानकारी दर्ज कराने के लिए अब लोगों को गणना कर्मियों का इंतजार नहीं करना होगा। परिवार खुद घर बैठे आनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना पूरा ब्योरा दर्ज कर सकेंगे। जिले में 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत प्रत्येक परिवार को पोर्टल पर निर्धारित सवालों के जवाब देकर अपने घर और परिवार से संबंधित जानकारियां भरनी होंगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली परिवार पहचान संख्या को सुरक्षित रखना होगा, ताकि घर-घर गणना के दौरान इसका इस्तेमाल किया जा सके।अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रमोद कुमार ने बताया कि स्वगणना की अवधि पूरी होने के बाद एक दिसंबर से जिले में घर-घर जाकर गणना का काम शुरू होगा। इसके लिए करीब 9000 से अधिक प्रगणकों की तैनाती की गई है। वहीं 850 की आबादी पर एक ब्लॉक बनाया गया है। इस ब्लॉक में प्रत्येक प्रगणक को लगभग 150 घरों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण का कार्यक्रम भी पूरा कराया जा चुका है। प्रशासन की कोशिश है कि अधिक से अधिक परिवार स्वगणना में हिस्सा लेकर अपना ब्योरा खुद दर्ज करें। इससे गणना कर्मियों को घर पहुंचने पर जानकारी का सत्यापन करने में सहूलियत होगी और प्रक्रिया भी आसान होगी। जिन परिवारों ने आनलाइन जानकारी भर दी होगी, उन्हें परिवार पहचान संख्या उपलब्ध करानी होगी। इसके आधार पर आगे की गणना प्रक्रिया पूरी की जाएगी।स्वगणना के लिए परिवार के किसी एक सदस्य को पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जानकारी भरनी होगी। इसमें मकान, परिवार में रहने वाले सदस्यों की संख्या और उनकी व्यक्तिगत जानकारी सहित निर्धारित बिंदुओं पर जवाब दर्ज करने होंगे। जानकारी भरते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी, ताकि कोई तथ्य छूटने या गलत दर्ज होने की स्थिति न बने। आनलाइन ब्योरा दर्ज करने के बाद मिलने वाली पहचान संख्या भविष्य में गणना कर्मियों को दिखानी होगी।



