अलीगढ़

39 सेक्टर मजिस्ट्रेट करेंगे परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

पीईटी परीक्षा की शुचिता से समझौता नहीं सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

अलीगढ़ प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी नगर संगीता देवी की अध्यक्षता में सभी 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की पवित्रता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी अधिकारियों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
एडीएम सिटी ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए। परीक्षार्थियों का सामान पहले क्लॉक रूम में जमा कराया जाए, इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच कराई जाए। समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने वाले सभी परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन कर उन्हें परीक्षा में सम्मिलित कराया जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोकॉपी की दुकानें बंद रखी जाएं, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित न हो।उन्होंने कहा कि परीक्षा शुरू होने से पहले लाउडस्पीकर के माध्यम से एक-दो बार उद्घोषणा करा ली जाए, जिससे केंद्र के बाहर मौजूद कोई भी परीक्षार्थी समय रहते प्रवेश कर सके। प्रवेश द्वार बंद होने से पूर्व यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी समय से पहुंचा परीक्षार्थी अनावश्यक रूप से बाहर न रह जाए। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्धारित व्यवस्थाओं का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजकिशोर ने बताया कि पीईटी परीक्षा 30 अक्टूबर एवं 1 नवंबर को दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और द्वितीय पाली अपराह्न 3 से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में 19,104 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 25 अक्टूबर को पैट परीक्षा का भी सकुशल आयोजन किया गया था।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!