ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड देगा निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण
फल प्रसंस्करण एवं ब्यूटी पार्लर ट्रेड में प्रशिक्षण हेतु 26 मई तक करें ऑनलाइन आवेदन

अलीगढ़: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में कौशल सुधार प्रशिक्षण योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत अभ्यर्थियों को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्रदान कर उद्योग स्थापना एवं रोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीदा बेगम ने बताया कि कौशल सुधार प्रशिक्षण योजना सामान्य के अंतर्गत फल प्रसंस्करण ट्रेड और ब्यूटी पार्लर ट्रेड के लिए 25-25 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति उप योजना के अंतर्गत फल प्रसंस्करण ट्रेड के लिए 25 एवं ब्यूटी पार्लर ट्रेड के लिए 50 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक ग्रामीण क्षेत्र के अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upkvib.gov.in पर ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से 26 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है। एक परिवार से केवल एक सदस्य का ही चयन किया जाएगा।
प्रशिक्षण योजना में दिव्यांगजन, बीपीएल परिवारों के सदस्यों एवं महिलाओं को प्राथमिकता प्रदान दी जाएगी। केवल ग्रामीण क्षेत्र के अभ्यर्थी ही योजना के पात्र होंगे। अनुसूचित जाति वर्ग के आवेदकों के लिए आधार कार्ड एवं जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा, जबकि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आधार कार्ड आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए अभ्यर्थी कार्यालय जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, त्रिमूर्ति नगर, बरौला बाईपास, अलीगढ़ अथवा दूरभाष संख्या 7408410755 एवं 9808146965 पर संपर्क कर सकते हैं।



