अलीगढ़

अतिक्रमण संबंधी शिकायतों की हक़ीक़त जानने ख़ुद मौके पर पहुँचे नगर आयुक्त-अतिक्रमण करने वालो पर नगर आयुक्त का एक्शन-

वार्ड 83 ईदगाह रोड व प्रागमिल कंपाउंड में अवैध अतिक्रमण की शिकायत की हक़ीक़त जानने पहुँचे नगर आयुक्त

नगरीय जनसुविधाओं को प्रभावी बनाने तथा स्थानीय जनता एवं पार्षदों द्वारा प्रतिदिन अवगत कराई जा रही जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा द्वारा नियमित रूप से अपने कार्यालय में जनसुनवाई की जा रही है।इसी क्रम में बीते दिनों वार्ड-83 के स्थानीय पार्षद मुशर्रफ हुसैन मजहर द्वारा ईदगाह रोड स्थित नई ईदगाह के पास दुकानों एवं रियाज़ दूध वालों से मज़र की कोठी तक अवैध अतिक्रमण की शिकायत नगर आयुक्त से की गई थी। वहीं वार्ड 63 प्रागमिल कंपाउंड के निवासियों द्वारा कॉलोनी में अवैध रूप से नाली को कवर कर लगभग 30 फुट चौड़ा चबूतरा बनाए जाने संबंधी शिकायत भी लिखित रूप में दर्ज कराई गई थी।

 

मंगलवार की तपती दोपहर में नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने ईदगाह शाहजमल से कर्बला रोड तक पैदल भ्रमण कर स्थानीय पार्षद द्वारा की गई शिकायत का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को सड़क के दोनों ओर अवैध अतिक्रमण मिला। मौके पर उन्होंने सहायक नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी को तत्काल अतिक्रमण चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके उपरांत लगभग दोपहर 3:30 बजे नगर आयुक्त प्रागमिल कंपाउंड पहुंचे जहां उन्होंने स्थानीय निवासियों एवं शिकायतकर्ता श्यामबाबू गुप्ता से शिकायत के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण में पाया गया कि नाली के ऊपर लगभग 30 फुट लंबा ढका हुआ चबूतरा बना हुआ है, जबकि उसी क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य भी चबूतरे को हटाए बिना कर दिया गया था। इस पर नगर आयुक्त ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से चबूतरा हटाने तथा कॉलोनी में बने उन सभी रैंपों को हटाने के निर्देश दिए, जो सफाई व्यवस्था एवं जल निकासी में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप नगर निगम द्वारा वार्डों में नगरीय सुविधाओं को प्रभावी बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड-83 एवं वार्ड 63 प्रागमिल क्षेत्र में प्राप्त अवैध अतिक्रमण संबंधी शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। चिन्हित अतिक्रमणों को हटाने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!