गौपालकों के लिए सुनहरा अवसर, 2 उन्नत नस्ल की गाय खरीदने पर मिलेगा 80 हजार रुपये तक अनुदान
मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना का लाभ लेने का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया गया

अलीगढ़। प्रदेश सरकार द्वारा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और गौपालकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना का लाभ लेने का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया गया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि योजना के तहत स्वदेशी उन्नत नस्ल की गायों की इकाई स्थापित करने पर पात्र लाभार्थियों को अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना प्रदेश के सभी 75 जनपदों में लागू है। इसके अंतर्गत बाह्य प्रदेशों से गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा नस्ल की उन्नत स्वदेशी गायों के क्रय पर अनुदान दिया जाएगा। लाभार्थी को दो गायों की इकाई स्थापित करनी होगी, जिसकी कुल लागत का 40 प्रतिशत, अधिकतम 80 हजार रुपये तक अनुदान अनुमन्य है। योजना में महिला दुग्ध उत्पादकों एवं गौपालकों को विशेष प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत चयन महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि खरीदी जाने वाली गाय प्रथम अथवा द्वितीय ब्यांत की होनी चाहिए। इच्छुक गौपालक 11 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन नन्द बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल nandbabadugdhmission.up.gov.in पर आमंत्रित किए जाएंगे।
उन्होंने जनपद के गौपालकों, दुग्ध उत्पादकों एवं ग्रामीण युवाओं से अपील की है कि वे इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिकाधिक लाभ उठाकर आधुनिक डेयरी व्यवसाय से जुड़ें और अपनी आय में वृद्धि करें। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अथवा मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि स्वदेशी नस्ल की गायों का संवर्धन न केवल दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में सहायक होगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।



