अलीगढ़

अलीगढ़ में वृहद विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का मेगा शिविर आयोजित

जिला जज ने किया शुभारंभ, पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का मिला लाभ

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में रविवार को ‘न्याय चला जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत कान्हा वन अतिथि गृह में वृहद विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का मेगा शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंकज कुमार अग्रवाल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला जज पंकज कुमार अग्रवाल ने कहा कि न्याय व्यवस्था का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी या संसाधनों के अभाव में न्याय से वंचित न रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव साक्षी गर्ग ने कहा कि शिविर के माध्यम से कानूनी सहायता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचने की सलाह दी। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

अपर आयुक्त नगर निगम परितोष मिश्रा ने कहा कि सरकारी योजनाओं और न्यायिक सुविधाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना आवश्यक है। ऐसे आयोजन आमजन की प्रशासन एवं न्यायपालिका के प्रति झिझक को कम करते हैं। प्रभारी प्रधान न्यायाधीश पारुल अत्री ने शिविर को न्यायपालिका और कार्यपालिका के आपसी समन्वय का बेहतर उदाहरण बताया। वहीं पीठासीन अधिकारी अचल नारायण सकलानी ने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने के लिए लोगों को प्रेरित किया।मेगा शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों एवं बैंकों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। दिव्यांगजन विभाग की ओर से यूडीआईडी कार्ड बनवाने की प्रक्रिया और पात्र दिव्यांगजनों को मिलने वाली एक हजार रुपये मासिक पेंशन की जानकारी दी गई। बैंक अधिकारियों ने प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर दो लाख रुपये के बीमा कवर तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के बारे में लोगों को जागरूक किया।।

कार्यक्रम के समापन पर जिला जज पंकज कुमार अग्रवाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अंत में नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज प्रतिभा सक्सेना ने उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

JNS News 24

Related Articles

Check Also
Close
error: Content is protected !!