अलीगढ़

10 वर्षीय हुमेरा की जिंदगी की जंग में बनी सहारा हैंड्स फॉर हेल्प संस्था अलीगढ ,भेंट की आवश्यक सक्शन मशीन

हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद परिवारों का संबल बनना

अलीगढ़, हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ ने एक बार फिर मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक असहाय परिवार की कठिन घड़ी में मदद का हाथ बढ़ाया। संस्था को सूचना प्राप्त हुई कि जनपद बुलंदशहर के एक गांव निवासी राशिद अपनी 10 वर्षीय पुत्री हुमेरा के उपचार के लिए लगभग एक माह पूर्व जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (जे.एन.एम.सी.), अलीगढ़ आए थे। हुमेरा का अत्यंत जटिल ऑपरेशन हुआ, जिसके कारण परिवार अपनी पूरी जमा-पूंजी उपचार में खर्च कर चुका था। आर्थिक तंगी के चलते अब बच्ची के आगे के उपचार की आवश्यकताओं को पूरा करना परिवार के लिए असंभव हो गया था। हुमेरा की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है तथा बोलने की स्थिति में भी नहीं है। सूचना मिलते ही हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था की टीम रात्रि में ही मेडिकल कॉलेज पहुंची और बच्ची के पिता राशिद से मुलाकात कर उनकी आपबीती सुनी।
बातचीत के दौरान पता चला कि चिकित्सकों ने हुमेरा के उपचार के लिए तत्काल सक्शन मशीन की आवश्यकता बताई थी। यह मशीन बच्ची के लिए अत्यंत आवश्यक थी, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इसे खरीद पाने में पूरी तरह असमर्थ था। मासूम बच्ची की गंभीर स्थिति और पिता की बेबसी को देखकर संस्था ने तुरंत सहायता का निर्णय लिया तथा हुमेरा के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से सक्शन मशीन उपलब्ध कराकर परिवार को भेंट की। भावुक पिता राशिद ने नम आंखों से संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यदि यह मशीन नहीं मिलती तो मजबूरी में मुझे अपनी बेटी को इसी हालत में घर ले जाना पड़ता।” उनके इन शब्दों ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। संस्था ने बताया कि सक्शन मशीन उचित दर पर उपलब्ध कराने में हमज़ा मेडिकल स्टोर का सराहनीय सहयोग रहा। वहीं इस मानवीय कार्य को सफल बनाने में नसीम भाई का विशेष योगदान रहा। इस सेवा कार्य के दौरान संस्था के डॉ. डी.के. वर्मा, सुशील शर्मा, भुवनेश शर्मा, शिवम् माहेश्वरी तथा संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद परिवारों का संबल बनना है। संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार मानव सेवा के कार्यों के लिए निरंतर समर्पित रहेगी।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!