अलीगढ़

जिले में 94549 के लक्ष्य के सापेक्ष 72020 महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’

सीडीओ ने की विभागीय प्रगति समीक्षा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

अलीगढ़: मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लखपति दीदी, कुटुंबश्री योजना और पात्र गृहस्थी परिवारों को महिला स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को गति देने एवं ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रभावी रणनीति पर चर्चा की गई। सीडीओ ने निर्देश दिए कि पात्र परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के अभियान में और तेजी लाई जाए और विभिन्न योजनाओं का लाभ अधिकाधिक महिलाओं तक पहुंचाकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाया जाए। महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण आजीविका संवर्धन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। सीडीओ ने बैठक से अनुपस्थित रहे सहायक विकास अधिकारियों का वेतन बाधित करने के निर्देश दिये।
बैठक में बताया गया कि जिले में 94549 के लक्ष्य के सापेक्ष 72020 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। इसके अतिरिक्त 13741 महिलाओं को विभिन्न कन्वर्जेंस योजनाओं से लाभान्वित कर चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक लखपति दीदी के रूप में विकसित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एडीओ पंचायत विकासखण्ड बिजौली, चण्डौस, धनीपुर एवं गंगीरी की प्रगति कम होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सीडीओ ने कहा कि अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं।जिले में 19792 स्वयं सहायता समूह बनाए गये हैं। 15015 को रिवॉल्विंग फण्ड, 14566 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि और 14265 समूहों को बैंक ऋण प्रदान कर सशक्त बनाया गया है। बैठक में बताया गया कि जिले में तीन एफपीओ कार्यरत हैं, जिसमें 2270 दीदियों को जोड़ा गया है। 483 विद्युत सखी कार्य कर रही हैं, जिसमें से 409 ऑन बोर्ड हो चुकी हैं। 100 दीदियां टेक होम राशन प्लांट के माध्यम से लखपति की ओर अग्रसर हैं। 44 उचित दर दुकानों एवं 849 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का संचालन समूहों के द्वारा किया जा रहा है।
बैठक में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों सहित विकासखण्डों से एडीओ उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!