अलीगढ़

अनजान शहर में उम्मीद की किरण बनी ‘हैंडस फॉर हेल्प’

10 वर्षीय प्रिया के हृदय उपचार में संस्था ने की रक्त की मदद

अलीगढ़। जौनपुर निवासी राकेश यादव अपनी 10 वर्षीय बेटी प्रिया यादव के हृदय उपचार के लिए अलीगढ़ स्थित जे.एन. मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जांच के बाद परिवार को पता चला कि प्रिया के हृदय का गंभीर ऑपरेशन होना है और इसके लिए रक्त की आवश्यकता होगी। अनजान शहर में रक्त की व्यवस्था को लेकर परिवार स्वयं को बेहद असहाय महसूस कर रहा था। इसी कठिन समय में परिवार को हैंडस फॉर हेल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ के बारे में जानकारी मिली। परिवार ने संस्था से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही संस्था की टीम जे.एन. मेडिकल कॉलेज पहुंची। संस्था सदस्य रामू रावत ने संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार की उपस्थिति में परिवार से बातचीत कर उनकी पूरी समस्या को समझा और आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।
संस्था ने सबसे पहले बच्ची के पिता राकेश यादव को स्वयं रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इसके बाद बच्ची के उपचार के लिए आवश्यक रक्त की व्यवस्था में संस्था की ओर से सहयोग किया गया। रक्त की मदद मिलने के बाद परिवार के चेहरे पर चिंता की जगह राहत और उम्मीद दिखाई दी। राकेश यादव ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अनजान शहर में कठिन समय के दौरान संस्था का साथ मिलना उनके लिए बड़ी राहत और हिम्मत का कारण बना।
संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि “किसी जरूरतमंद परिवार के लिए मुश्किल समय में उसका साथ देना ही सच्ची मानवता है। हमारा प्रयास रहता है कि जरूरतमंद मरीज और उनके परिवार को अकेला महसूस न होने दिया जाए।”
वहीं अलीगढ़ के जे.एन. मेडिकल कॉलेज में हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के गंभीर ऑपरेशन कर उन्हें नई जिंदगी देने में प्रो. आजम हसीन, प्रो. शाद अबकारी, डॉ. सैयद स्मायाल रब्बानी, डॉ. मोहम्मद आमिर एवं डॉ. साबीर अली खान सहित पूरी मेडिकल टीम का महत्वपूर्ण मानवीय योगदान है। चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ की मेहनत, संवेदनशीलता और समर्पण के कारण दूर-दराज से आने वाले अनेक बच्चों को उपचार और जीवन की नई उम्मीद मिल रही है।
हैंडस फॉर हेल्प सामाजिक संस्था ऐसे जरूरतमंद मरीजों और उनके परिवारों के साथ निरंतर खड़ी रहने का प्रयास कर रही है। संस्था का मानना है कि रक्त की एक छोटी-सी मदद किसी परिवार के लिए उम्मीद की सबसे बड़ी वजह बन सकती है।
इस मानवीय सेवा कार्य में संस्था सदस्य रामू रावत एवं संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!