अलीगढ़

मरीजों की सुविधा को लेकर जिला प्रशासन गंभीर, कमियां तत्काल दूर कराईं

मुख्यमंत्री मीडिया सेल के संज्ञान पर डीएम ने सीएमओ से मांगी आख्या

अलीगढ़  चिकित्सालयों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। समाचार पत्र में प्रकाशित खबर का मुख्यमंत्री मीडिया सेल द्वारा संज्ञान लिए जाने के बाद जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से आख्या तलब की। सीएमओ ने संबंधित चिकित्सालयों से रिपोर्ट प्राप्त कर व्यवस्थाओं की स्थिति से अवगत कराया।
सीएमओ डा0 आर0एन0 सिंह ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदुआगंज में कंप्यूटरीकृत के साथ मैनुअल पर्चे की सुविधा भी उपलब्ध है। 25 अगस्त को यहां 110 कंप्यूटरीकृत और 397 मैनुअल सहित कुल 507 पर्चे बनाए गए। मरीजों को चिकित्सकों एवं फार्मासिस्ट द्वारा दवाओं की जानकारी दी जाती है।
अतरौली के चिकित्सालयों में भी व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराया गया। आयुष्मान वार्ड में शॉर्ट सर्किट से प्रभावित विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करा दी गई है और एसी मरम्मत के लिए भेजा गया है। क्षतिग्रस्त गद्दों को चिन्हित कर उनके प्रतिस्थापन की कार्रवाई की गई है। जैव-चिकित्सा अपशिष्ट का तत्काल निस्तारण कराने के साथ संबंधित कर्मचारी को चेतावनी दी गई तथा नियमित सफाई के निर्देश दिए गए।
100 शैय्या चिकित्सालय अतरौली में मरीजों की सुविधा के लिए तीन स्ट्रेचर व व्हीलचेयर 24 घंटे उपलब्ध हैं। इमरजेंसी में मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद आवश्यकता के अनुसार वार्ड में भर्ती तथा गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया जाता है। इमरजेंसी वार्ड के लिए 10 बेड का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर जनरेटर एवं इन्वर्टर की व्यवस्था उपलब्ध है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आर एन सिंह ने बताया कि जनपद एवं परिधीय चिकित्सा इकाइयों का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाता है। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करते हुए आवश्यक सुधार कराए जा रहे हैं।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!