अलीगढ़

राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक संबंधी अधिकाधिक प्रकरणों का होगा सुलह-समझौते से निस्तारण

12 सितंबर को जिला न्यायालय से तहसील स्तर तक लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, बैंक अधिकारियों को प्रकरण चिन्हित करने के निर्देश

अलीगढ़ माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलीगढ़ के निर्देशानुसार 12 सितंबर शनिवार को जिला न्यायालय से तहसील स्तर तक राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत में अधिकाधिक प्रकरणों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराकर आमजन को शीघ्र और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के उद्देश्य से मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के विश्राम कक्ष में जिले के समस्त बैंकों के अधिकारियों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक संबंधी अधिकाधिक वादों एवं प्रकरणों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित किए जाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने बैंकों से संबंधित ऐसे प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करें, जिनमें पक्षकारों के मध्य आपसी सुलह-समझौते की संभावना हो और उन्हें अधिकाधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण के लिए प्रस्तुत करें। साथ ही संबंधित पक्षकारों को लोक अदालत के लाभों की जानकारी देते हुए समझौते के लिए प्रेरित करने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि बैंक अधिकारियों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक बैंक संबंधी मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती प्रज्ञा सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को कम समय और कम खर्च में विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं बैंक अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!