अपुष्ट सूचना पर न करें विश्वास, अफवाहों को प्रसारित करने से बचें -पुलिस अधीक्षक यातायात
बच्ची की मौत जाम से नहीं, बीमारी के कारण हुई : पुलिस जांच में स्थिति स्पष्ट

अलीगढ़ : खैर में बीमार बच्ची के जाम में फंसने से मौत होने की खबर फैलने के बाद मुख्यमंत्री मीडिया सेल द्वारा मामले का संज्ञान लिया गया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं लाइन प्रवीण कुमार यादव से प्रकरण की आख्या मांगी गई। जांच के बाद पुलिस ने घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की है।पुलिस आख्या के मुताबिक विशनपुरी, खैर निवासी कु. उर्मी उर्फ उर्मिला कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी। 02 सितंबर को उसकी तबीयत अधिक खराब होने पर परिजन उसे मोटरसाइकिल से उपचार के लिए ले गए। चिकित्सकीय परामर्श के बाद परिजन उसे सीएचसी खैर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।क्षेत्राधिकारी खैर एवं थाना प्रभारी खैर की जांच तथा परिजनों के बयान के अनुसार बच्ची को अस्पताल ले जाते समय परिजन किसी जाम में नहीं फंसे थे। परिजनों ने भी बच्ची की मृत्यु बीमारी के कारण होने की बात कही है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर घटना को जाम से जोड़कर प्रसारित की जा रही सूचना तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है।पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीण कुमार ने आमजन से अपील की है कि किसी घटना की अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। जनहित में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित मार्गों का प्रयोग करें और यातायात पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की है कि किसी भी घटना से संबंधित अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर विश्वास न करें और बिना सत्यापन उसे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित करने से बचें। उन्होंने कहा कि अफवाहों को बढ़ावा देने के बजाय केवल सत्यापित एवं आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।



