अलीगढ़

छूटे हुए पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं का मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए चलेगा विशेष अभियान

डीएम अविनाश कुमार ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से मिशन मोड में कार्य करने के दिए निर्देश

अलीगढ़: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत जिले में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। विशेष रूप से 18-19 आयु वर्ग के युवाओं एवं पात्र महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से समन्वित प्रयास किए जाएंगे।इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर के दौरान सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए मिशन मोड में कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि विधानसभा मतदाता सूची का पंचायत एवं नगरीय निकाय की मतदाता सूची से गहन मिलान कराया जाए। इसके माध्यम से ऐसे पात्र नागरिकों को चिन्हित किया जाएगा, जिनका नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। भारत की किसी भी विधानसभा की मतदाता सूची में नाम दर्ज न होने वाले चिन्हित पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाकर उनका पंजीकरण कराया जाएगा। उन्होंने खाद्य एवं रसद विभाग के माध्यम से सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर पंजीकृत राशन कार्डों में दर्ज 18 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पात्र नागरिकों का चिन्हांकन कराने के निर्देश दिए। ऐसे नागरिकों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम वर्तमान विधानसभा मतदाता सूची में शामिल नहीं है। संबंधित अधिकारियों के माध्यम से इनका फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की कार्यवाही की जाएगी।
युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने शैक्षणिक संस्थानों में गठित मतदाता साक्षरता क्लब को सक्रिय करने के निर्देश दिए। कक्षा-9 एवं उससे ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों में विशेष रूप से 18-19 आयु वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं को चिन्हित कर मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, ईएलसी कोऑर्डिनेटर के साथ समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक पात्र युवाओं के फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, युवक मंगल दल और भारत स्काउट एवं गाइड जैसी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा।
महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से विशेष प्रयास किए जाने के निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि आशा, एएनएम एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के नियमित गृह भ्रमण के दौरान ऐसी पात्र महिलाओं को चिन्हित किया जाए, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों में कार्यरत समूह सखियों का सहयोग लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र महिलाओं का चिन्हांकन एवं पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें, ताकि कोई भी पात्र युवा, महिला अथवा अन्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिकों को जागरूक करने के साथ ही फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया में भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप कोऑर्डिनेटर योगेंद्र कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट, रजिस्ट्रार आरएमपीएसयू प्रबुद्ध सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह, जिला विकास अधिकारी सुभाष नेमा, जिला पंचायत राज अधिकारी यतेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण कुमार राय, बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक कुमार सिंह, प्रतिनिधि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!