यादों में पिता, संकल्प में मानवता… हर्ष कुलश्रेष्ठ ने पिता की स्मृति में 7 लाख रुपये देने का लिया संकल्प
स्वर्गीय श्री सुधीर कुमार कुलश्रेष्ठ की स्मृति में हेल्पलेस पेशेंट केयर सेंटर में बनेगा सेवा हॉल, एक लाख रुपये का चेक तत्काल प्रदान किया

अलीगढ़। किसी अपने के जाने के बाद उनकी स्मृतियों को मानवता की सेवा के माध्यम से जीवित रखना अपने आप में एक महान कार्य है। इसी भावनात्मक सोच और प्रेरणादायक संकल्प के साथ श्री हर्ष एस. कुलश्रेष्ठ ने हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ द्वारा निर्माणाधीन हेल्पलेस पेशेंट केयर सेंटर में अपने स्वर्गीय पिता श्री सुधीर कुमार कुलश्रेष्ठ की स्मृति में एक हॉल का निर्माण कराने हेतु 7 लाख रुपये सहयोग देने का संकल्प लिया है। इस पुनीत कार्य के लिए उन्होंने एक लाख रुपये की प्रथम सहयोग राशि तत्काल चेक के माध्यम से संस्था को प्रदान की। शेष छह लाख रुपये भी शीघ्र प्रदान किए जाएंगे।
यह सहयोग केवल एक हॉल का निर्माण नहीं, बल्कि मानवता और सेवा की ऐसी विरासत की शुरुआत है, जहां भविष्य में अनेक जरूरतमंद परिवारों को सहारा और उम्मीद मिलेगी।
आर्थिक रूप से कमजोर हृदय रोगी बच्चों की सहायता का संकल्प
हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के उपचार मे ऑपरेशन के दौरान रक्त आदि की सहायता करती आ रही है। इन बच्चों के हृदय का ऑपरेशन अलीगढ़ स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (जे.एन.एम.सी.) में आर.बी.एस.के स्कीम के माध्यम से निःशुल्क किये जाते हैं।अलीगढ़ सहित दूरदराज के जनपदों से भी बच्चे उपचार के लिए यहां आते हैं। ऑपरेशन के बाद इन मासूम बच्चों एवं उनके परिजनों के सामने सुरक्षित और स्वच्छ स्थान पर ठहरने की बड़ी समस्या आती है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार उचित व्यवस्था नहीं कर पाते। वहीं, ऑपरेशन के बाद बच्चों को संक्रमण से बचाने और बेहतर देखभाल उपलब्ध कराने के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बेहद आवश्यक होता है।
इसी समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से संस्था द्वारा हेल्पलेस पेशेंट केयर सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। यहां हृदय रोग के ऑपरेशन के बाद बच्चों एवं उनके परिजनों को निःशुल्क रहने,खाने-पीने और आवश्यक देखभाल की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही निराश्रित,असहाय एवं बीमार वृद्धजनों को भी निःशुल्क आश्रय और सहायता प्रदान की जाएगी। इस पुनीत एवं मानवीय कार्य में श्री हर्ष एस. कुलश्रेष्ठ की माताजी श्रीमती शर्मीला कुलश्रेष्ठ का भी विशेष सहयोग एवं सहभागिता रही है। हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था ने इस पूरे परिवार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।
संस्था का मानना है कि स्वर्गीय श्री सुधीर कुमार कुलश्रेष्ठ की स्मृति में बनने वाला यह हॉल केवल भवन का एक हिस्सा नहीं होगा, बल्कि मानवता, सेवा और संवेदनशीलता की ऐसी पहचान बनेगा, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी प्रेरणा लेंगी।
किसी की याद में ऐसा आशियाना बनाना, जहां किसी मासूम को सुरक्षित बचपन मिले, किसी असहाय को सहारा मिले और किसी जरूरतमंद परिवार को मुश्किल समय में उम्मीद मिले, इससे बड़ी श्रद्धांजलि शायद ही कोई हो सकती है। समाज में ऐसे अनेक सक्षम परिवार हैं, जो अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार मानव सेवा के कार्यों में योगदान दे सकते हैं। आवश्यकता है कि हम केवल दूसरों की परेशानियों को देखें नहीं, बल्कि उनके समाधान का हिस्सा भी बनें।
हर्ष एस. कुलश्रेष्ठ एवं उनके परिवार का यह संकल्प समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है। संस्था सभी समाजसेवियों, दानदाताओं एवं सक्षम परिवारों से अपील करती है कि वे इस मानवीय अभियान से जुड़ें और जरूरतमंदों के लिए बन रहे इस सेवा केंद्र के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें।
क्योंकि कुछ यादें तस्वीरों में नहीं, बल्कि उन जिंदगियों में हमेशा जीवित रहती हैं, जिन्हें हमारी वजह से सहारा मिलता है।



