18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को चलेगा विशेष अभियान, कॉलेजों को सौंपी जिम्मेदारी
हर पात्र युवा बनेगा मतदाता, महाविद्यालयों में फॉर्म-6 पंजीकरण और जागरूकता गतिविधियों को मिलेगी गति

अलीगढ़ : भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और कोई भी पात्र युवा मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे, इसके लिए जिले में विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिले के समस्त डिग्री कॉलेजों के प्रभारियों एवं नामित नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित कर उन्हें युवा मतदाताओं के पंजीकरण एवं मतदाता जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी महाविद्यालय अपने यहां अध्ययनरत ऐसे छात्र-छात्राओं को चिह्नित करें, जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है अथवा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अर्हता तिथियों 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले हैं। ऐसे सभी पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करते हुए उनके नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।अब महाविद्यालयों में ही युवाओं को मिलेगा मतदाता पंजीकरण का मार्गदर्शन:प्रशिक्षण कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रभारियों एवं नोडल अधिकारियों को नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरने की ऑनलाइन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि पात्र युवा भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक वोटर्स सर्विस पोर्टल (https://voters.eci.gov.in) अथवा वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर पंजीकरण एवं लॉगिन करने, फॉर्म-6 का चयन करने, व्यक्तिगत विवरण, जन्मतिथि एवं निवास संबंधी जानकारी भरने, आवश्यक अभिलेख अपलोड करने और आवेदन जमा करने की प्रक्रिया समझाई गई। आवेदन के उपरांत प्राप्त संदर्भ संख्या के माध्यम से उसकी प्रगति भी देखी जा सकती है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन सौरभ भट्ट ने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा के केंद्र ही नहीं, बल्कि जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक तैयार करने के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। इसलिए सभी संस्थान यह सुनिश्चित करें कि पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवश्यकता के अनुसार महाविद्यालय स्तर पर सहयोग एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से सभी डिग्री कॉलेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के गठन अथवा पूर्व से गठित क्लबों को सक्रिय रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता पंजीकरण, निर्वाचन संबंधी अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा।उन्होंने निर्देशित किया कि नामित नोडल अधिकारियों के नेतृत्व में महाविद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यशालाएं, रैलियां, क्विज प्रतियोगिताएं एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कराई जाएं। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को न केवल मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, बल्कि अपने परिवार एवं आसपास के अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने हेतु प्रोत्साहित किया जाए।
सीडीओ ने सभी महाविद्यालय प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने संस्थानों में पंजीकृत एवं अपंजीकृत पात्र विद्यार्थियों की स्थिति का आकलन करते हुए फॉर्म-6 के माध्यम से अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। साथ ही मतदाता पंजीकरण एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की गतिविधियों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित प्रारूप में प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। युवा मतदाता लोकतंत्र की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनका मतदाता सूची में पंजीकरण और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक सशक्त, समावेशी एवं सहभागी बनाती है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि प्रत्येक पात्र युवा को मतदाता बनने का अवसर मिले और कोई भी पात्र नागरिक जानकारी अथवा जागरूकता के अभाव में अपने इस महत्वपूर्ण अधिकार से वंचित न रहे।



