मंडलीय स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी-2026 में अलीगढ़ के विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग
मंडलीय स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी-2026 का आयोजन श्री उदय सिंह जैन कन्या इंटर कॉलेज, अलीगढ़ में किया गया

अलीगढ़, मंडलीय स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी-2026 का आयोजन श्री उदय सिंह जैन कन्या इंटर कॉलेज, अलीगढ़ में किया गया। संगोष्ठी का विषय “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएँ एवं चुनौतियाँ” रहा।इस विज्ञान संगोष्ठी में अलीगढ़ मंडल के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर पूरन सिंह एवं जिला समन्वयक राजीव कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को भारतीय ऊर्जा क्षेत्र के भविष्य, नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण तथा वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर एवं सतत ऊर्जा व्यवस्था के निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
संगोष्ठी में वैज्ञानिक निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन के उपरांत एस.टी.एस. (मिंटो सर्किल), ए.एम.यू., अलीगढ़ के कक्षा 9 के छात्र जुनेद खान, पुत्र श्री शाबिर खान ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि इस प्रकार की विज्ञान संगोष्ठियाँ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन एवं नवाचार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।



