योगी सरकार ने बढ़ाया मानदेय, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में बढ़ा उत्साह: बोलीं, अब और मनोयोग से करेंगे सेवा
मानदेय में बढ़ोतरी से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मान और परिवारों को आर्थिक संबल

अलीगढ़: प्रदेश सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि किए जाने से जिले की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में खुशी की लहर है। मानदेय में बढ़ोतरी को उन्होंने अपने कार्य, जिम्मेदारियों और योगदान के प्रति सरकार की संवेदनशीलता एवं सम्मान का प्रतीक बताया है। नव चयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र मिलने से उनके उत्साह में और इजाफा हुआ है।अतरौली ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्र कुंजलपुर पर नव चयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्री छाया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मानदेय में वृद्धि किया जाना हम सभी के लिए उत्साह बढ़ाने वाला निर्णय है। सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की जिम्मेदारियों और उनके महत्वपूर्ण कार्यों को समझते हुए यह निर्णय लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्मानजनक मानदेय मिलने से वह और अधिक उत्साह एवं पूर्ण मनोयोग के साथ अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां केवल आंगनबाड़ी केंद्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं की देखभाल और जनजागरूकता से जुड़े कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में मानदेय में वृद्धि उनके कार्यों को मिले सम्मान के साथ-साथ उनके मनोबल को भी मजबूत करेगी।इसी तरह चंडौस ब्लॉक की परियोजना पिसावा और बिजौली ब्लॉक की परियोजना सैफपुर में नव चयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों प्रियंका एवं कविता ने सरकार के निर्णय पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बढ़े हुए मानदेय से उन्हें अपने परिवार के भरण-पोषण में आर्थिक सहयोग मिलेगा। साथ ही सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार एवं अन्य सामग्री का जरूरतमंद लाभार्थियों तक विभागीय योजनाओं के अनुरूप वितरण सुनिश्चित कराने में वे पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगी।जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण कांत राय ने कहा कि सरकार द्वारा मानदेय में वृद्धि और नई नियुक्तियों के माध्यम से आंगनबाड़ी व्यवस्था को मजबूती मिली है। इससे कार्यकत्रियों और सहायिकाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जिस विश्वास के साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरते हुए वे बाल विकास, पोषण और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंचाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगी। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के बीच यह भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है कि मानदेय में वृद्धि केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि उनके महत्वपूर्ण सामाजिक योगदान की स्वीकार्यता भी है। कार्यकत्रियों का कहना है कि सरकार के इस निर्णय से उनका मनोबल बढ़ा है और वे अब और अधिक उत्साह, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पायदान तक पहुंचाने के लिए कार्य करेंगी।



