इग्नू क्षेत्रीय केंद्र में कैरियर विकास एवं कौशल विकास शिविर आयोजित
युवाओं को रोजगार-स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर

अलीगढ़ : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय क्षेत्रीय केंद्र, अलीगढ़ द्वारा शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार तथा जन शिक्षण संस्थान, अलीगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में अभियान इंटरनेशनल कॉलेज, राय सिंह नगर में कैरियर विकास कार्यक्रम एवं रोजगार-कौशल विकास शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देेश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को सशक्त बनाना रहा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं इग्नू क्षेत्रीय केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अजय वर्धन आचार्य ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ कौशल विकास ही रोजगार और स्वरोजगार का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत कृषि, पर्यटन, ग्रामीण विकास, लघु एवं कुटीर उद्योग, सूचना एवं प्रौद्योगिकी और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।उन्होंने बताया कि विकसित भारत-2047 एवं विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, अलीगढ़ ने ग्रामीण एवं शहरी विकास पर आधारित एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इस योजना के माध्यम से युवाओं, महिलाओं एवं विद्यार्थियों को विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़कर उन्हें रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।डॉ. आचार्य ने कहा कि आने वाले वर्षों में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र द्वारा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, उन्नत भारत अभियान, महिला एवं बाल सशक्तिकरण, पर्यटन प्रबंधन, इवेंट मैनेजमेंट तथा अन्य रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक स्तर पर कौशल विकास अभियान संचालित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक दक्षताओं से लैस कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रमों, स्वरोजगार योजनाओं, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी। प्रतिभागियों को अपने कौशल का विकास कर रोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।शिविर में शिक्षकों, विद्यार्थियों, जन शिक्षण संस्थान के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाने का संकल्प व्यक्त किया।



