संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया

हाथरस। थाना मुरसान क्षेत्र के गांव गोलनगर के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतक की पहचान थाना चंदपा क्षेत्र के गांव चाचपुर निवासी लालकृष्ण उर्फ काका पुत्र विजेंद्र के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार लालकृष्ण मंगलवार रात करीब 10 बजे सादाबाद क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहा था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों को चिंता हुई। बुधवार सुबह जानकारी मिली कि गोलनगर के पास उसकी बाइक और शव सड़क किनारे पड़ा मिला है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला बाइक के किसी पोल से टकराने का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



