14 अगस्त को होगी मंडलीय पेंशन अदालत, 28 जुलाई तक करें आवेदन
पेंशन संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए मंडलायुक्त की अध्यक्षता में होगा आयोजन

अलीगढ़ आयुक्त, अलीगढ़ मंडल संगीता सिंह की अध्यक्षता में 14 अगस्त को अपराह्न 3ः30 बजे कमिश्नरी सभागार में मंडलीय पेंशन अदालत आयोजित की जाएगी। इस अदालत में पेंशन संबंधी लंबित मामलों एवं शिकायतों की सुनवाई कर उनका समाधान किया जाएगा।अपर निदेशक एवं सचिव, कोषागार एवं पेंशन, आगरा मंडल महिमा चंद ने बताया कि अलीगढ़ मंडल के पेंशनर एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने प्रकरण निर्धारित प्रारूप पर 28 जुलाई तक कार्यालय अपर निदेशक, कोषागार एवं पेंशन, आगरा मंडल, जिलाधिकारी परिसर, एम.जी. रोड, आगरा में स्वयं उपस्थित होकर अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र का निर्धारित प्रारूप वरिष्ठ कोषाधिकारी अलीगढ़, हाथरस, एटा एवं कासगंज के कार्यालयों के अलावा अपर निदेशक, कोषागार एवं पेंशन, आगरा मंडल के कार्यालय से भी प्राप्त किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त आवेदन पत्र पेंशन निदेशालय की वेबसाइट www.pensiondirectorate.up.nic.in से भी डाउनलोड किया जा सकता है। उन्होंने मंडल के सभी पात्र पेंशनरों एवं सेवानिवृत्त कार्मिकों से अपील की है कि यदि उनका कोई पेंशन संबंधी प्रकरण लंबित है तो निर्धारित तिथि तक आवेदन प्रस्तुत कर मंडलीय पेंशन अदालत का लाभ अवश्य उठाएं।



