संचारी रोग एवं दस्तक अभियान: स्वास्थ्य विभाग ने तैयार किए फ्रंटलाइन वर्कर
आशा, आंगनबाड़ी एवं एएनएम को दिया गया पॉच दिवसीय प्रशिक्षण

अलीगढ़ मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 आर0 एन0 सिंह के निर्देशानुसार संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की सफलता के लिए सभी आशाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं एएनएम का पॉच दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। डीएमओ ने बताया कि 01 जुलाई से संचालित संचारी रोग नियंत्रण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अन्तर्विभागीय समन्वय से कार्य किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित संवेदनशील ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्र के वार्डों में प्राथमिकता से एंटी लार्वो छिड़काव, फॉगिंग, साफ-सफाई एवं जलभराव को दूर करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि माह के अंत तक नगरीय निकायों एवं पंचायतीराज विभाग के समन्वय से शत-प्रतिशत ग्रामों एवं वार्डों को आच्छादित किया जाएगा।जिला मलेरिया अधिकारी डा0 विनीता मिश्रा ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत 11 जुलाई से स्तक अभियान शुरू होगा जिसमें अपर मुख्य सचिव के निर्देशानुसार समस्त आशा एवं एएनएम द्वारा लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची या सर्वे ई-कवच एप पर शत प्रतिशत अपलोड की जाएगी।

उन्होंने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि फ्रंटलाइन वर्कर (आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री) बुखार, आईएलआई (इन्फ्लूएंजा लाइकइलनेस), क्षय रोग, कुष्ठ रोग फाइलेरिया एवं कालाजार, कुपोषित बच्चों, दस्त रोग से प्रभावित बच्चों एवं लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सहित संपूर्ण विवरण ई कवच पोर्टल पर डिजिटल अपलोड करेगी उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान क्षेत्रवार ऐसे मकानों की सूची जहां घरों के भीतर मच्छरों के प्रजनन पाया गया हो निर्धारित प्रपत्र पर रिपोर्ट तैयार कर अपने संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान के अंतर्गत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी द्वारा निरीक्षण किया जाएगा।



