अलीगढ़

संविधान दिवस पर डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई मूल कर्तव्यों के पालन की शपथ

संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता की रक्षा का लिया संकल्प

अलीगढ़  संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं कलेक्ट्रेट के पटल सहायकों को भारतीय संविधान में उल्लिखित मूल कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान के आदर्शों, संवैधानिक संस्थाओं, राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करने का संकल्प लिया।
शपथ के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिलाओं के सम्मान, सामाजिक समरसता और बंधुता को बढ़ावा देने और हिंसा से दूर रहने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही देश की सामासिक संस्कृति के संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने, व्यक्तिगत एवं सामूहिक गतिविधियों में उत्कृष्टता लाने, सभी को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने और स्वतंत्रता आंदोलन के आदर्शों को आत्मसात करने का भी संकल्प लिया गया।
जिलाधिकारी ने संविधान की उद्देशिका के मूल भाव को रेखांकित करते हुए सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता और व्यक्ति की गरिमा को लोकतंत्र की आधारशिला बताया। उन्होंने संविधान के मूल्यों और कर्तव्यों को अपने आचरण में उतारने का संदेश दिया। इस अवसर पर एडीएम संगीता देवी, प्रमोद कुमार, अनिल कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं पटल सहायक उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!