मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियां दुरुस्त कराने में राजनीतिक दल भी निभाएं सक्रिय भूमिका -डीएम
28 एवं 29 नवंबर को सभी बूथों पर विशेष अभियान, बीएलओ और पदाभिहित अधिकारी रहेंगे उपस्थित

अलीगढ़ भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और समावेशी बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ राजनीतिक दल भी सक्रिय भागीदारी निभाएं। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और अपात्र प्रविष्टियों एवं त्रुटियों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में दिए।बैठक में एडीएम सिटी संगीता देवी ने बताया कि 17 से 24 नवंबर तक जिले में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए कुल 32,648 फार्म-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें खैर में 4,509, बरौली में 4,593, अतरौली में 3,709, छर्रा में 4,600, कोल में 5,243, शहर में 5,011 और इगलास में 4,983 फार्म शामिल हैं। इसी अवधि में नाम अपमार्जित कराने के लिए 2,655 फार्म-7 और मतदाता सूची में संशोधन एवं अन्य परिवर्तन के लिए 2,953 फार्म-8 प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि जिले का वर्तमान ईपिक रेशियो 51.50 प्रतिशत है, जिसे लगभग आठ प्रतिशत तक और बढ़ाने की संभावना है। इसके लिए राजनीतिक दलों और जिला प्रशासन को समन्वित प्रयास करने होंगे। विशेष रूप से जेंडर रेशियो में सुधार पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं, खासकर नवविवाहित महिलाओं के मतदाता पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र महिला मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
एडीएम ने बताया कि मतदाता पंजीकरण एवं सूची में संशोधन के लिए 28 और 29 नवंबर शनिवार एवं रविवार को विशेष बूथ दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दोनों दिनों में सभी बूथों पर बीएलओ एवं पदाभिहित अधिकारी आवश्यक फार्म और मतदाता सूचियों के साथ उपस्थित रहेंगे। पात्र नागरिक बूथ पर पहुंचकर अपना नाम जुड़वाने, अपमार्जन एवं संशोधन के लिए फार्म-6, 7 और 8 भर सकते हैं। इन फार्मों को ऑनलाइन भरने की सुविधा भी उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में आपसी समन्वय और पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीएलओ को आवश्यकतानुसार मार्गदर्शन दें। यदि किसी कारणवश बूथ पर फार्म उपलब्ध नहीं हो पाते हैं तो बीएलओ एप के माध्यम से भी फार्म भरवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बूथ पर आने वाले किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 1,642 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 3,222 मतदेय स्थल हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारियों की तैनाती की गई है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे। जिला प्रशासन ने मतदाता सूची की शुद्धता, पात्र मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक में भजपा से उदयवीर सिंह लोधी, कांग्रेस से मुस्तफा ज़ैदी, सपा से मोहम्मद शाकिर अंसारी, सीपीएम से इदरीस मोहम्मद, बीएसपी से बिजेंद्र सिंह विक्रम सहित अन्य पदाधिकारी और निर्वाचन कार्यालय से एडीईओ विजय शर्मा उपस्थित रहे।



